कासगंज, ढाबा संचालक ने युवक को मारी गोली, मौत
ढाबा संचालक ने युवक को मारी गोली, मौत

रिपोर्टर-फरमान अहमद कुरैशी सहावर (कासगंज)
कासगंज जनपद के पटियाली कोतवाली क्षेत्र में देर रात ढाबा संचालक ने ग्राहक से विवाद होने पर गोली चला दी। गोली युवक के जा लगी उसकी मौत हो गई। ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद ढाबा संचालक एवं उसके सहयोगी फरार हो गए। एसपी मौके पर पहुंचे हैं। पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला पंजीकृत किया गया है। एसपी ने टीम बनाकर आरोपितों की तलाश शुरू करा दी है।
मैनपुरी-बदायूं हाईवे पर ग्राम अशोकपुर के निकट स्थित भदौरिया ढाबे पर देर रात करीब 11 बजे गांव के ही निवासी पंकज सिंह अपने साथियों के साथ खाना खाने पहुंचा। यहां किसी बात को लेकर ढाबा संचालक एवं उसके बीच विवाद हो गया। मामला गाली गलौज एवं मारपीट पर पहुंच गया। ढाबा संचालक ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोली पंकज सिंह के सिर में जा लगी। उसकी मौत हो गई। ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच चीख पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक ढाबा संचालक और उसके सहयोगी यहां से फरार हो चुके थे। शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेजा गया है। एसपी बोत्रे रोहन प्रमोद ने भी मौके का मुआयना किया। पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर ढाबा संचालक सहित चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत कराया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में एसओजी सहित तीन टीमें गठित की गई हैं। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Comments
Post a Comment